ज्योति शर्मा दोबारा बनीं जिला परिषद प्रधान

admin  7 hours, 46 minutes ago Top Stories

-कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जिला परिषद प्रधान का चुनाव संपन्न
8-8 मतों की बराबरी के बाद ड्रा से तय हुआ परिणाम
-उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी शुभकामनाएं, पारदर्शिता पर दिया जोर

 PANIPAT AAJKAL  , 16 फरवरी। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को जिला परिषद प्रधान पद का चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा के निर्देशानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कड़े सुरक्षा प्रबंधों और प्रशासनिक निगरानी के बीच हुए इस चुनाव में पूर्व प्रधान ज्योति शर्मा को ड्रा के माध्यम से विजयी घोषित किया गया।

चुनाव प्रक्रिया के तहत जिला परिषद के सभी 16 सदस्यों ने ईवीएम के माध्यम से मतदान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रात: 11:00 बजे से 11:30 बजे तक सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई। इसके बाद चुनाव संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। 11:45 बजे से 12:15 बजे तक प्रस्तावकों एवं उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनकी विधिवत जांच की गई। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ईवीएम मशीन तैयार कर मतदान कराया गया तथा तत्पश्चात मतगणना की गई।

प्रधान पद के लिए ज्योति शर्मा और सुदेश दो प्रत्याशी मैदान में थीं। दोनों को 8-8 मत प्राप्त हुए। बराबरी की स्थिति बनने पर निर्वाचन नियमों के अनुसार ड्रा निकाला गया, जिसमें ज्योति शर्मा के नाम की पर्ची निकली। चुनाव अधिकृत अधिकारी एवं नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने उन्हें विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरा माहौल शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान से लेकर मतगणना तक की सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी ढंग से पूरी की गईं।

चुनाव प्रारंभ होने से पूर्व उपायुक्त एवं निर्धारित प्राधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सभी पार्षदों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।

उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि जिला परिषद प्रधान का चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है। सभी निर्वाचित सदस्यों ने जिम्मेदारी और अनुशासन का परिचय दिया है। मैं नवनिर्वाचित प्रधान ज्योति शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि वे जिला परिषद के माध्यम से जनहित में प्रभावी कार्य करेंगी। इस अवसर पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार मनोज कुमार, डीडी पीओ राजेश शर्मा, डीएसपी राजवीर सहित अन्य अधिकारी और पार्षद उपस्थित रहे।

img
img